TOP NEWS

सामाजिक संस्था तपोवन का 34वां स्थापना दिवस हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया


श्रीगंगानगर, 16 मार्च 2024: मन में दिव्यांग बच्चों की सेवा का प्रकल्प लिए श्रीगंगानगर शहर के नौजवान युवाओं द्वारा 6 दिव्यांग बच्चों के साथ किराए के भवन में शुरू हुआ विद्यालय आज 33 वर्षों बाद तपोवन प्रन्यास रूपी वट वृक्ष में बदल गया है। आज तपोवन प्रन्यास दिव्यांग बच्चों के सशक्तिकरण के साथ-साथ नशा मुक्ति, ब्लड बैंक, थैलेसीमिया सैन्टर, वृद्धजन कल्याण, तपोवन आश्रम आदि विभिन्न माध्यमों से आमजन के कल्याण के कार्य पूर्ण निष्ठा व निस्वार्थ भावना से संचालित कर रहा है। प्रन्यास दिन-प्रतिदिन मानव कल्याण के कार्यों को सर्वोपरि मानते हुए आगे बढ़ते जा रहा है।


16 मार्च 2024, शनिवार को अपने स्वर्णिम 33 वर्ष पूर्ण करने पर तपोवन मनोविकास विद्यालय के विद्यार्थियों ने 34वें स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों द्वारा तपोवन के माध्यम से समाज को धन्यवाद दिया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री गुरुनानक कन्या विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष जीत सिंह खनूजा थे। इस मौके पर तपोवन विद्यालय के दिव्यांग विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा, खेल व व्यावसायिक उपक्रमों में गत वर्षों में लहराए परचमों का बखान किया गया। तपोवन प्रन्यास अध्यक्ष महेश पेड़ीवाल ने बताया कि तपोवन आज 10 से अधिक विभिन्न सामाजिक उपक्रमों द्वारा असहाय व जरूरतमंदों की सेवा कर रहा है। 

तपोवन प्रन्यास सचिव एवं विद्यालय अध्यक्ष सुमेरमल बोरड़़ ने बताया कि तपोवन में 140 से अधिक दिव्यांग बच्चे वर्तमान में अध्ययनरत हैं तथा 3000 से अधिक दिव्यांग बच्चे वर्ष 1991 से तपोवन द्वारा प्रदत्त सेवाओं का लाभ लेकर सशक्तिकरण को प्राप्त कर चुके हैं। तपोवन कोषाध्यक्ष उदयपाल झाझडिय़ा, न्यासी कैलाश मित्तल, राजेन्द्र राठी, विद्यालय सचिव दलजीत सिंह, कोषाध्यक्ष मनोज चितलांगिया, साधुराम भोभरिया, देवेन्द्र शर्मा, प्रतीक जैन आदि ने बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों व अभिभावकों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।  

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ