TOP NEWS

Sri Ganganagar News :तपोवन वरिष्ठजन सेवा समिति द्वारा विश्व महिला दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित

तपोवन वरिष्ठजन सेवा समिति द्वारा विश्व महिला दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित



श्रीगंगानगर: तपोवन वरिष्ठजन सेवा समिति, श्रीगंगानगर द्वारा विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जवाहरनगर तहसील के समीप स्थित तपोवन कैरियर क्लासेज में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी रमेश सिंगल तथा विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् सुरेन्द्र कुमार शर्मा, शिक्षाविद् हरपाल सिंह एवं समाजसेवी अरूण गौड़़ थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद् मनीराम सेतिया ने की।
सर्वप्रथम सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने सबका स्वागत-अभिनंदन किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण से ही देश का सर्वांगीण विकास सम्भव है। 


इसलिए महिलाओं को पढ़ाना एवं शिक्षित करना अत्यंत आवश्यक है। अरूण गौड़ ने कहा कि नारी परिवार की आधारशिला है तथा मानव जीवन का प्रत्येक क्षेत्र नारी के अभाव में अपूर्ण है। रमेश सिंगल ने कहा कि नारी प्रेम, त्याग व श्रद्धा की प्रतिमूर्ति है, जो बच्चों को अच्छे संस्कार देकर सभ्य नागरिक बनाती है। 




छात्रा संजना ने कहा कि किसी राष्ट्र की सभ्यता और संस्कृति के निर्माण तथा विकास में नारी का महत्वपूर्ण योगदान होता है। छात्रा रवीना ने कहा कि आज नारी हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही है तथा पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन कर रही है। छात्रा शालू छिम्पा ने कहा कि नारी अबला नहीं सबला है, जो बच्चों का भविष्य संवारने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर देती है। बेटियों को पढ़ाने के लिए समाज को आगे आना चाहिए। प्रदीप चौधरी ने कहा कि नारी की प्रेरणा से मनुष्य नित्य नई ऊंचाइयों को छू रहा है। 


हरपाल सिंह ने विश्व महिला दिवस मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। मनीराम सेतिया ने कविता द्वारा कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सबसे ऊंचा दर्जा दिया गया है तथा कहा गया है कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। नारी सदैव पूजनीय है। बेटे व बेटियों के प्रति समान व्यवहार व समान दृष्टिकोण की भावना को जागृत किया जाना चाहिए। सफल मंच संचालन शिक्षाविद् सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्टेशनरी का वितरण किया गया तथा सबको महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर विनोद छाबड़ा, केएल पब्बी, तरुण गुप्ता, राम लक्ष्मण गुप्ता, विनोद, छात्रा मनदीप कौर, सुभाष, गौतम स्वामी, परी, अनिता, कोमल, पर्वत, सोफिया, प्रेम सहित तपोवन वरिष्ठजन सेवा समिति पदाधिकारी, सदस्य एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ